राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी प्रकोष्ठ की हुई बैठक
- कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को हस्ताक्षर युक्त संदेश भेजने का किया आह्वान
आवाज टुडे न्यूज़ कोटा।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी प्रकोष्ठ की बैठक रविवार को श्रीनाथपुरम में आयोजित की गई। बैठक में कोटा संभाग के सभी जिलों से आए पदाधिकारियों ने सत्ता और संगठन में भागीदारी नहीं मिलने पर अपनी पीड़ा जाहिर की और सत्ता और संगठन में कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को शामिल करवाने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया गया। जिसके तहत पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने हस्ताक्षर वाला एक संदेश कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भेजेंगे। जिसमें सत्ता और संगठन में ओबीसी प्रकोष्ठ की अधिक से अधिक भागीदारी के लिए आलाकमान का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ की बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी प्रकोष्ठ के संयोजक राजेंद्र सेन थे जबकि अध्यक्षता कोटा देहात ओबीसी प्रकोष्ठ के अध्यक्षता चौथमल नागर ने की। बैठक का संचालन करते हुए कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव सत्यनारायण साहू सत्ता और संगठन में ओबीसी प्रकोष्ठ की भागीदारी को लेकर अपनी पीड़ा जाहिर की। अन्य पदाधिकारियों ने भी ओबीसी प्रकोष्ठ की भागीदारी अधिक से अधिक सत्ता और संगठन में हो इसके लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
बैठक में मदन मोहन नागर, चंद्र सिंह राणा झालावाड़ , हसंराज गोस्वामी, ललीत, शोभा बेनीवाल सहित कोटा संभाग के करीब 50 पदाधिकारियों ने भाग लिया और सभी ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पास किया। जिसके तहत सत्ता व संगठन में भागीदारी की मांग के लिए हस्ताक्षर वाला एक संदेश कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भेजने का निर्णय लिया गया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें