आवाज़ टुडे न्यूज़ कोटा।
सावन माह के छठवें सोमवार को शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। नाग नागिन मंदिर सहित शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में देवाधिदेव भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। भोर से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतार लग गई थी। हर हर महादेव और ऊं नम: शिवाय के उद्घोष के साथ बाबा का जलाभिषेक किया।
कोटड़ी नहर के पास स्थित नाग नागिन मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सावन के छठवें सोमवार को देखते हुए मंदिर में भक्तों के लिए विशेष इंतजाम किए गए। प्रातः भोर होने के साथ ही भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का दुग्ध अभिषेक किया और भजन कीर्तन कर भगवान भोले भंडारी की आराधना की। इसके बाद लगातार भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया, जो शाम तक चलता रहा। इस दौरान भक्तों ने भगवान भोले भंडारी के साथ नाग नागिन की आराधना की और अपने लिए आशीर्वाद मांगा। इस मौके पर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का नयनाभिराम श्रृंगार किया गया।
नाग नागिन मंदिर के पुजारी मुकुट शर्मा ने बताया कि सावन के सोमवार को भगवान भोलेनाथ की आराधना करने से विशेष फल मिलता है। इसीलिए सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान का जलाभिषेक किया और उनके बिल्व पत्र सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सभी के कल्याण की कामना की। शाम को भगवान की महा आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें